मंत्रालयम जाते परिवार पर काल का कहर
बोलेरो और टैंकर की टक्कर से मचा हडक़ंप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा
रायचूर. धार्मिक यात्रा पर निकले एक परिवार के लिए गुरुवार की सुबह काल बनकर आई। आंध्रप्रदेश के कर्नूल जिले के मंत्रालयम तालुक के कल्लुदेवकुंटा गांव के पास हुए भीषण सडक़ हादसे में चिक्कमगलूरु के एक ही परिवार के 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
टैंकर की टक्कर से मचा कोहराम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 यात्रियों से भरी बोलेरो वाहन को गिट्टी से भरे टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतकों की पहचान कुमार (50), दीपिका, वीणा (42), पुट्टम्मा (55), लोलाक्षी, यशोदा (60), सुनील (40) और तीन वर्षीय बालिका बेल्ली के तौर पर की गई है। हादसे में घायल 13 लोगों को एम्मिगनूर और कर्नूल के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने चालक को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही मंत्रालयम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। टैंकर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पीएम ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपए तथा घायलों को 50,000 रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

