चिक्कमगलूरु. जिले के कडूर तालुक में किसानों के साथ बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। सरकारी सब्सिडी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने करीब 80 से अधिक किसानों से 1.38 करोड़ रुपए ठग लिए।
खुद को प्रभावशाली बताकर रचा जाल
घटना के अनुसार, गंगाधर गौड़ा नामक व्यक्ति पिछले एक वर्ष से किसानों के संपर्क में था। वह खुद को विधानसौधा में प्रभावशाली व्यक्ति बताकर भरोसा जीतता रहा। उसने कृषि और पर्यटन विभाग की योजनाओं के तहत सब्सिडी दिलाने का लालच दिया।
विशेष रूप से उसने किसानों से कहा कि सिर्फ 50,000 रुपए दीजिए, ट्रैक्टर खरीदने पर सरकार से 3 लाख रुपए की सब्सिडी दिलवा दूंगा।
विधानसौधा में ही कराया लेन-देन
परमेश्वरप्पा, कल्लेश और चंद्रशेखर सहित कई किसानों ने उसकी बातों में आकर अलग-अलग चरणों में कुल 1,38,94,400 रुपए दे दिए। हैरानी की बात यह है कि विश्वास बढ़ाने के लिए आरोपी किसानों को राजधानी के विधानसौधा ले गया और वहीं पैसों का लेन-देन किया।
टालमटोल के बाद हुआ फरार
जब काम में देरी होने लगी तो किसानों ने सवाल उठाए। इस पर आरोपी बार-बार बहाना बनाता रहा कि “बजट सत्र चल रहा है, बेलगावी सत्र खत्म होते ही काम हो जाएगा।”
लेकिन बाद में उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया और फरार हो गया।
पुलिस में मामला दर्ज
ठगी का एहसास होते ही पीडि़त किसान सकरायपट्टण पुलिस थाने पहुंचे। किसान परमेश्वर द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी गंगाधर गौड़ा की तलाश शुरू कर दी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

