यादगीर. सुरपुर तालुक के शांतपुर क्रॉस के समीप शुक्रवार को हुई भीषण बस–कार टक्कर में मृतकों की संख्या नौ तक पहुंच गई है।
मृतकों में रायचूर जिले के सिरवार निवासी पंचायत सदस्य कृष्ण नायक (52), अनंता कला कृष्ण (45), शरणप्पा (36), निसर्गा शरणप्पा (30), सिद्धार्थ शरणप्पा (5), शशिकला (30), अद्विक (5), चंदना (8) और डेढ़ वर्षीय श्रीनिधि शामिल हैं।
दुर्घटना में शशिकला का पुत्र विराट अकेला जीवित बचा है। पुलिस के अनुसार, कृष्ण नायक अपने परिवार सहित सुरपुर स्थित वेणुगोपाल स्वामी के दर्शन कर लौट रहे थे। शांतपुर क्रॉस के पास वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी कार सामने से आ रही निजी बस से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा आग की लपटों में घिर गया और आग कार तक फैल गई। कृष्ण नायक, शरणप्पा और एक बालक आग में झुलसकर मृत्यु को प्राप्त हुए, जबकि अन्य की मौत टक्कर की तीव्रता और आग से हुई चोटों के कारण हुई। कार और बस दोनों पूरी तरह जलकर राख हो गए। बस में सवार 20 यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
सूचना मिलते ही अग्निशमन दल और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। घटना स्थल पर विधायक राजा वेणुगोपाल नायक, पुलिस अधीक्षक पृथ्विक शंकर, डिवाईएसपी इनामदार तथा सर्कल इंस्पेक्टर उमेश सहित कई अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
