भीषण गर्मी और जलप्रवाह रुकने से संकट गहराया
स्थानीय लोगों ने त्वरित जल आपूर्ति की मांग उठाई
चित्रदुर्ग. किला नगरी में स्थित ऐतिहासिक तिम्मन्ना नायक झील इन दिनों जलसंकट की गंभीर स्थिति से गुजर रहा है। झील का जलस्तर तेजी से घटने के कारण सैकड़ों मछलियां मर रही हैं, जिससे सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों का मन व्यथित हो रहा है।
घटता जलस्तर, दम तोड़ती जलीय जीवन
भीषण गर्मी के कारण झील में बचा-खुचा पानी भी सूखता जा रहा है। छोटे-छोटे गड्ढों में जमा पानी भी समाप्त होने की कगार पर है। पानी की कमी से मछलियां तड़प-तड़प कर मर रही हैं और झील के बीचोंबीच उनका यूं खत्म होना लोगों को झकझोर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बारिश नहीं हुई, तो बची हुई मछलियां भी खत्म हो जाएंगी।
ऐतिहासिक महत्व और पुराना जल स्रोत
यह झील नायक वंश के प्रथम पालेगार मट्टी तिम्मन्ना नायक द्वारा जोगिमट्टी पहाडिय़ों और किले के बीच बनाई गई थी। वर्ष 1984 तक यह झील शहर के लिए पेयजल का प्रमुख स्रोत थी। यहां मत्स्य पालन भी होता था और इसकी मछलियां स्थानीय लोगों के बीच खास पहचान रखती थीं।
जलप्रवाह बाधित होने से बढ़ी समस्या
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जंगल क्षेत्र में चेक डैम निर्माण के कारण झील में आने वाले प्राकृतिक जल स्रोत बाधित हो गए हैं। पहले पहाडिय़ों से बहने वाला पानी नालों के जरिए झील तक पहुंचता था, जिससे गर्मियों में भी जल बना रहता था।
इसके अलावा, कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से मछलियों के बीज छोडऩे के कारण अब पानी की कमी में बड़ी संख्या में मछलियां मर रही हैं।
प्रशासन करेगा उपायों पर चर्चा
जिलाधिकारी टी. वेंकटेश ने कहा कि बढ़ती गर्मी के कारण मछलियों पर खतरा मंडरा रहा है। झील में मछलियों के संरक्षण के लिए वन विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी।
भद्रा परियोजना से उम्मीदें
स्थानीय नागरिकों ने भद्रा ऊपरी नहर परियोजना के तहत झील में पानी पहुंचाने की मांग की है। सामाजिक कार्यकर्ता जे. यादवरेड्डी का कहना है कि यदि राजनीतिक इच्छाशक्ति हो, तो भद्रा नहर का पानी यहां लाकर झील को बचाया जा सकता है।
दोड्डन्ना नायक झील का पुनरुद्धार करें
जल विशेषज्ञ देवराज रेड्डी ने सुझाव दिया कि पास स्थित दोड्डन्ना नायक झील का पुनरुद्धार करना चाहिए, जिससे तिम्मन्ना नायक झील में फिर से पानी भरा जा सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

