आंदोलन के नौवें दिन प्रदर्शनकारियों ने ‘हुब्बल्ली’ शब्द ढककर जताया विरोध
अंजुमन-ए-इस्लाम संस्था का भी समर्थन
हुब्बल्ली. धारवाड़ को अलग महानगर निगम का दर्जा देने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शनिवार को आंदोलन के नौवें दिन प्रदर्शनकारियों ने हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम (एचडीएमसी) कार्यालय परिसर में लगे नामपट्ट पर ‘हुब्बल्ली’ शब्द को कागज से ढककर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “एचडीएमसी काफी हुआ, अब डीएमसी चाहिए” के नारे लगाए।
धारवाड़ पृथक महानगर निगम संघर्ष मंच के बैनर तले चल रहे इस अनिश्चितकालीन आंदोलन में वरिष्ठ अधिवक्ता बी.डी. हिरेमठ ने कहा कि अलग महानगर निगम की मांग अब जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। उन्होंने राज्यपाल से प्रस्ताव को तुरंत मंजूरी देने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान शिवशंकर हप्पण्णवर, किशोर बडिगेर, शंकर नीरावरी, आस्मा सैयद और भाषा साब ने सुबह से शाम तक उपवास रखकर आंदोलन का समर्थन किया। वहीं मराठा समाज के कई प्रमुख पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता भी आंदोलन में शामिल हुए।

इस बीच, अलग धारवाड़ महानगर निगम की मांग को धारवाड़ की अंजुमन-ए-इस्लाम संस्था ने भी समर्थन दिया है। अंजुमन एजुकेशन बोर्ड के सदस्य गुलाम यासीन हावेरीपेट ने कहा कि पृथक महानगर निगम बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के विकास को नई गति मिलेगी।
अंजुमन संस्था के उपाध्यक्ष बशीर अहमद सरगिरो, पूर्व सचिव अहमद मनियार सहित कई पदाधिकारी और सदस्य आंदोलन के समर्थन में उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

