97.94 प्रतिशत आवेदनों का समयसीमा में निपटारा
जनसेवा में जिले ने रचा नया कीर्तिमान
कलबुर्गी। अटलजी जनस्नेही केंद्र और नाड (राजस्व) कार्यालयों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के त्वरित निपटारे में कलबुर्गी जिले ने पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। मई 2026 के दौरान प्राप्त 39,363 आवेदनों में से 38,551 का निर्धारित समयसीमा के भीतर निपटारा कर जिले ने 97.94 प्रतिशत की उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है।
राजस्व विभाग की 43 विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदनों के निपटारे में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कलबुर्गी ने 9.48 डिस्पोजल इंडेक्स हासिल किया, जिससे वह राज्य में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया। इससे पहले भी जुलाई और दिसंबर 2025 में जिला आवेदन निपटान के मामले में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है।
जिलाधिकारी इकराम शरीफ ने बताया कि जिला प्रशासन की कार्यकुशलता और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता के कारण यह सफलता संभव हुई है। समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को जनता ने भी सराहा है।
जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि का श्रेय नाड कार्यालयों और अटलजी जनस्नेही केंद्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण को दिया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह जनता को त्वरित और प्रभावी सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया।
राज्यस्तरीय समीक्षा में कलबुर्गी जिला प्रथम, जबकि विजयनगर जिला तीसरे, बल्लारी जिला चौथे और रायचूर जिला सातवें स्थान पर रहे।
जिले के विभिन्न तालुकों में प्राप्त एवं निपटाए गए आवेदनों की संख्या
तालुक — प्राप्त आवेदन — निपटाए गए आवेदन
अफजलपुर — 3,572 — 3,516
आलंद — 4,203 — 4,116
चिंचोली — 3,326 — 3,297
चित्तापुर — 3,355 — 3,324
जेवरगी — 2,078 — 2,009
कलबुर्गी — 10,557 — 10,212
कालगी — 2,096 — 2,056
कमलापुर — 2,754 — 2,709
सेडम — 3,806 — 3,750
शाहाबाद — 1,781 — 1,761
यड्रामी — 1,835 — 1,801
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

