पात्र लाभार्थियों तक ही पहुंचेगी योजना, घर-घर बांटे जाएंगे आवेदन पत्र
चिक्कमगलूरु. ऊर्जा मंत्री के.जे. जॉर्ज ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार ने गृहज्योति योजना में किसी प्रकार की कटौती या व्यापक संशोधन का कोई निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि योजना को लेकर फैलाई जा रही भ्रम की स्थिति पूरी तरह निराधार है।
पात्र लाभार्थियों की होगी पहचान
चिक्कमगलूरु में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक ही पहुंचे। इसी उद्देश्य से जल्द ही घर-घर आवेदन पत्र वितरित किए जाएंगे और पात्रता संबंधी सभी मानदंडों की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य के लगभग 1.64 करोड़ उपभोक्ता गृहज्योति योजना के तहत मुफ्त बिजली का लाभ ले रहे हैं। जानकारी एकत्र करने का मकसद केवल अपात्र लाभार्थियों की पहचान कर वास्तविक पात्र लोगों को योजना का लाभ सुनिश्चित करना है।
जाति संबंधी जानकारी पर भी दी सफाई
आवेदन पत्र में जाति संबंधी जानकारी मांगे जाने पर उठे सवालों के जवाब में जॉर्ज ने कहा कि यह केवल सूचना संग्रह के उद्देश्य से किया जा रहा है। इससे किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्रता रखने वाले प्रत्येक लाभार्थी को बिना किसी भेदभाव के गृहज्योति योजना का लाभ मिलता रहेगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

