युवती को अश्लील संदेश भेजने का आरोप
व्हाट्सऐप पर अशोभनीय संदेश और फोन पर अभद्र बातचीत का आरोप
महिला थाने में मामला दर्ज, डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू
कारवार (उत्तर कन्नड़). उत्तर कन्नड़ जिले के दांडेली नगर पुलिस थाने के दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ 18 वर्षीय युवती को व्हाट्सऐप पर अश्लील संदेश भेजने तथा फोन पर अभद्र बातचीत कर यौन उत्पीडऩ करने के आरोप में कारवार महिला पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस घटना से जिला पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, मामला 8 जुलाई की रात दर्ज किया गया। शिकायत में दांडेली नगर पुलिस थाने के दो पुलिसकर्मियों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
थाने से मिला मोबाइल नंबर, फिर शुरू हुआ उत्पीडऩ
शिकायतकर्ता के अनुसार, 4 जुलाई को वह अपनी सहेली के साथ सडक़ दुर्घटना में घायल हुए एक मित्र से मिलने और उसका मोबाइल फोन लेने दांडेली पुलिस थाने गई थी। इस दौरान थाने परिसर में खड़े दोपहिया वाहन को छोडऩे के लिए कथित रूप से पैसों की मांग की गई और राशि लेने के बाद वाहन छोड़ा गया।
युवती का आरोप है कि दो दिन बाद थाने के अभिलेखों में दर्ज उसके मोबाइल नंबर का उपयोग कर आरोपियों में से एक ने व्हाट्सऐप पर संपर्क किया। 6 जुलाई की रात उसे अश्लील संदेश भेजे गए और बाद में फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मानसिक रूप से प्रताडि़त किया गया।
पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रारंभिक स्तर पर उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सीधे उत्तर कन्नड़ के पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद कारवार महिला पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस मामले से जुड़े व्हाट्सऐप संदेश, कॉल विवरण और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले की जांच जारी है। पुलिस विभाग के कर्मचारियों पर लगे इस गंभीर आरोप ने जिले में व्यापक चर्चा को जन्म दिया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

