धर्मस्थल घूमने जा रहे धारवाड़ के युवकों की क्रूजर और ट्रक में भिड़ंत, चार गंभीर घायल
कारवार. उत्तर कन्नड़ जिले के यल्लापुर तालुक स्थित अरबैल घाट के बलगार क्षेत्र में गुरुवार तडक़े ट्रक और तूफान क्रूजर के बीच हुई भिड़ंत में धारवाड़ के छह युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार सभी यात्री धारवाड़ के निवासी थे और हुब्बल्ली-धारवाड़ में एक निजी ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी में पार्ट-टाइम डिलीवरी बॉय के तौर पर कार्यरत थे। वे बुधवार रात धर्मस्थल और चिक्कमगलूरु की यात्रा पर निकले थे। गुरुवार सुबह अरबैल घाट पहुंचते ही उनकी क्रूजर की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
छह लोगों की दर्दनाक मौत
मृतकों की पहचान बसवराज (48), अभिषेक ईश्वर (28), अक्षय (26), अभिषेक (26), संजय अंगड़ी (33) तथा मंजुनाथ चुलकी (32) के तौर पर की गई है। इनमें पांच ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अंतिम सांस ली।
चार घायल, अस्पताल में उपचार जारी
दुर्घटना में शिवराज दुर्गप्पा मडिवाल (22), मंजुनाथ अशोक चुलकी (32), सचिन तथा चेन्नबसय्या बसलिंगय्या संपगांव (28) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
यल्लापुर पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
धारवाड़ से सैर-सपाटे के लिए निकले युवकों के शव लौटने की खबर से उनके परिजनों में मातम पसरा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

