9वीं से हिंदी के स्थान पर मिलेगा एआइ का विकल्प
49 विद्यालयों में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति पूरी, पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण का इंतजार
धारवाड़। कर्नाटक के सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) शिक्षा की शुरुआत होने जा रही है। राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा (एनएसक्यूएफ) योजना के तहत राज्य के 1,642 सरकारी विद्यालयों का चयन किया गया है, जिनमें धारवाड़ जिले के 49 विद्यालय भी शामिल हैं। विद्यार्थियों में नई तकनीक सीखने को लेकर उत्साह है, लेकिन पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण और पाठ्यपुस्तकों में हो रही देरी से व्यवस्था को लेकर संशय भी बना हुआ है।
चयनित प्रत्येक विद्यालय को कंप्यूटर, प्रयोगशाला, प्रोजेक्टर, वाई-फाई सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए दो-दो लाख रुपए का अनुदान दिया गया है। कक्षा 9 से विद्यार्थियों को तीसरी भाषा हिंदी के स्थान पर एआइ विषय चुनने का विकल्प मिलेगा। इसके लिए कंप्यूटर साइंस और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े योग्य अभ्यर्थियों को अतिथि शिक्षक नियुक्त किया गया है। प्रत्येक शिक्षक को 20 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। 49 विद्यालयों के लिए 500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे।
भर्ती पूरी, अब प्रशिक्षण और पाठ्यक्रम की बारी
समग्र शिक्षा कर्नाटक के जिला परियोजना उपसमन्वय अधिकारी एस. एम. हुडेदमनी ने बताया कि विभागीय निर्देशानुसार 28 जुलाई तक भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। चयनित विद्यालयों में एआइ प्रयोगशालाएं भी स्थापित की जाएंगी।
हालांकि शैक्षणिक सत्र शुरू हुए दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन एआइ शिक्षकों का प्रशिक्षण, पाठ्यक्रम और पाठ्यपुस्तकें अभी तैयार नहीं हैं। इससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
अतिथि शिक्षकों को शीघ्र प्रशिक्षण दिया जाएगा
एआइ अतिथि शिक्षकों को शीघ्र प्रशिक्षण दिया जाएगा। पाठ्यक्रम भी अंतिम चरण में है। विभाग पूरी प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर नियमित रूप से एआइ शिक्षा शुरू करेगा।
— उमेश बोम्मक्कनवर, डीडीपीआइ, धारवाड़
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

