रायचूर में सडक़ जाम कर प्रदर्शन, पुलिस ने विशेष टीम गठित कर शुरू की जांच
देवदुर्ग (रायचूर)। रायचूर जिले के देवदुर्ग तालुक के सुंकेश्वरहाल गांव के समीप दलित नेता की धारदार हथियारों से हत्या किए जाने से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। मृतक की पहचान गब्बूर के निकट हद्दिनाल गांव निवासी एवं मादिगा समाज के नेता भूमानंद (35) के तौर पर की गई है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात देवदुर्ग-रायचूर मुख्य मार्ग पर हद्दिनाल क्रॉस के पास अज्ञात हमलावरों ने भूमानंद पर धारदार हथियारों से हमला कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल भूमानंद की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत दुश्मनी की आशंका जताई है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। गब्बूर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया है।
बुधवार सुबह दलित संगठनों के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर सडक़ जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल कर दिया गया। जिले में इस घटना को लेकर व्यापक चर्चा है तथा पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

