यादगीर के कडेचूर-बडियाल औद्योगिक क्षेत्र में हादसा
दो श्रमिक गंभीर, फैक्टरी का संचालन तत्काल बंद
यादगीर। यादगीर जिले के कडेचूर-बडियाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक रासायनिक कारखाने में बुधवार तडक़े जहरीली गैस के रिसाव से तीन श्रमिकों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद प्रशासन ने फैक्टरी की गतिविधियां तत्काल प्रभाव से बंद करा दीं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात में हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब एक से दो बजे के बीच हुई। गैस रिसाव की चपेट में आए पांचों श्रमिकों को तत्काल रायचूर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों का उपचार जारी है, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मध्य प्रदेश और तेलंगाना के थे मृतक
मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के कटनी निवासी विक्रम और संजय तथा तेलंगाना के महबूबनगर निवासी गणेश के तौर पर की गई है। तीनों की आयु 20 से 25 वर्ष के बीच बताई गई है।
गैस रिसाव के कारणों की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पृथ्विक शंकर सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में जहरीली गैस के रिसाव की पुष्टि हुई है, हालांकि किस रसायन का रिसाव हुआ और दुर्घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है।
फैक्टरी सील, जांच जारी
पुलिस और संबंधित विभागों ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। एहतियात के तौर पर कारखाने का संचालन फिलहाल बंद कर दिया गया है। हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

