शिवमोग्गा। पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ शिवमोग्गा शहर के होले बस स्टैंड के पास तुंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना सोमवार शाम की है। इस दौरान एक युवक ने महिला और उसके 11 माह के बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि 6 और 4 वर्ष की दो बच्चियां नदी में बह गईं। दोनों की तलाश मंगलवार सुबह फिर शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार, महिला मूल रूप से चित्रदुर्ग जिले की रहने वाली है। उसका पति जेसीबी ऑपरेटर है और काम के सिलसिले में सवलंगा में रहता है। पारिवारिक विवाद के कारण महिला अपने तीन बच्चों के साथ शिवमोग्गा आई थी।
सोमवार शाम चिक्कल रोड स्थित हरकेश्वर मंदिर के समीप रेलवे पटरी से महिला ने तीनों बच्चों के साथ तुंगा नदी में छलांग लगा दी। वहां मौजूद एक युवक ने महिला और 11 माह के बच्चे को बचा लिया। महिला और बच्चे को उपचार के लिए सरकारी मेग्गान अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल और कोटे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों लापता बच्चियों की तलाश शुरू की। अंधेरा होने के कारण सोमवार रात तलाशी अभियान रोकना पड़ा।
मंगलवार सुबह अग्निशमन दल ने नाव की मदद से फिर तलाश शुरू की। थाना अधिकारी हुसैन के नेतृत्व में एलएफ सुनील, गणेश, मारुति, संतोष, निहार और सतीश सहित जवान अभियान में जुटे हैं। दोनों बच्चियों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

