बेल्तंगडी में विशाल विषैले सर्प से मचा हडक़ंप
रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकडक़र जंगल में छोड़ा
बेल्तंगडी (दक्षिण कन्नड़). दक्षिण कन्नड़ जिले के बेल्तंगडी तालुक के नावूर गांव में एक घर के डाइनिंग हॉल में करीब आठ फीट लंबा किंग कोबरा घुस आने से परिवार में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पहुंचे सर्प विशेषज्ञ स्नेक अशोक ने सूझबूझ और सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर विषैले सर्प को सुरक्षित पकड़ लिया और बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया।
नावूर निवासी विग्रेड डिसूजा के परिवार के सदस्य रविवार दोपहर अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान डाइनिंग हॉल में विशालकाय किंग कोबरा दिखाई दिया। जहरीले सर्प को देखते ही परिवार के लोग घबरा गए, लेकिन उन्होंने धैर्य बनाए रखा और स्वयं उसे पकडऩे या भगाने का प्रयास नहीं किया।
सावधानी से किया गया रेस्क्यू
परिवार ने तत्काल सर्प रक्षक स्नेक अशोक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अशोक ने विशेष उपकरणों की सहायता से बेहद सावधानीपूर्वक अभियान चलाया। किंग कोबरा जैसे अत्यंत विषैले सर्प को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकडक़र बोरे में रखा गया। इसके बाद वन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार उसे आबादी से दूर घने जंगल में छोड़ दिया गया।
मानसून में बरतें सतर्कता
सफल रेस्क्यू के बाद स्थानीय लोगों ने स्नेक अशोक की तत्परता, अनुभव और साहस की सराहना की। विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दौरान भोजन और सुरक्षित आश्रय की तलाश में सांप अक्सर रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने या सर्प को मारने अथवा पकडऩे का प्रयास करने के बजाय तुरंत प्रशिक्षित सर्प रक्षक या वन विभाग को सूचना देना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

