गणेशोत्सव से पहले पुलिस की विशेष मुहिम
215 वाहनों की जांच, संदिग्धों पर नजर
हुब्बल्ली। चाकूबाजी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने और गणेशोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर पुलिस ने ‘चाकूबाजी निवारण दल’ (एंटी-स्टैबिंग स्क्वाड) का गठन किया है। सभी थाना क्षेत्रों में गठित विशेष दलों ने रविवार से ही अभियान शुरू कर दिया। पहले ही दिन जुड़वां के विभिन्न इलाकों में 215 वाहनों की जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त
पुलिस आयुक्त भूषण बोरसे ने स्वयं अभियान में भाग लेकर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की और लोगों को हथियार लेकर नहीं घूमने की चेतावनी दी। पुलिस ने जागरूकता के लिए पर्चे भी जारी किए हैं। इनमें ‘चाकू नहीं होंगे तो सडक़ें और सुरक्षित होंगी’ जैसे संदेशों के जरिए लोगों से सहयोग की अपील की गई है।
पुलिस के अनुसार, विशेष दल का उद्देश्य चाकूबाजी की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई, संदिग्धों की जांच, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और नियमित गश्त के साथ समुदाय के सहयोग से भयमुक्त वातावरण तैयार करना है।
बस-रेलवे स्टेशन पर भी निगरानी
आयुक्त बोरसे ने बताया कि जुड़वां शहरों के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यह जांच की जाएगी कि कोई व्यक्ति घातक हथियार लेकर तो नहीं घूम रहा है। जांच के दौरान हथियार मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
तीन साल में 215 चाकूबाजी के मामले
पुलिस के अनुसार, जुड़वां शहरों के विभिन्न थानों में 2024 में 85, 2025 में 90 और 2026 में अब तक 40 से अधिक चाकूबाजी के मामले दर्ज हुए हैं। तीन वर्षों में चाकूबाजी से छात्रा नेहा हिरेमठ और अंजलि अंबिगेर सहित सात लोगों की मौत हुई है। हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़े मामलों में 420 लोगों के खिलाफ कार्रवाई दर्ज की गई है।
पुलिस का कहना है कि 18 से 60 वर्ष तक के लोग इन मामलों में आरोपी रहे हैं। कुछ मामलों में नाबालिगों के भी चाकू लेकर अपराध में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, संवेदनशील और पिछड़े इलाकों में रहने वाले युवाओं को कुछ बदमाश पैसे और शराब का लालच देकर अपराध में धकेलते हैं।
112 पर सूचना दें
‘संदिग्ध गतिविधि या हथियार लेकर घूमने वाले व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। किसी भी समय 112 पर सूचना दी जा सकती है।’
–भूषण बोरसे, पुलिस आयुक्त, हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

