23 लाख रुपए के आभूषण लूटे
बैकमपाडी हाईवे पर वारदात
पत्नी और मासूम को धमकाकर फरार हुए बदमाश
जांच के लिए सात टीमें गठित
मेंगलूरु. मेंगलूरु के बैकमपाडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को फिल्मी अंदाज में स्वर्ण व्यापारी का अपहरण कर करीब 180 ग्राम सोने के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और कार लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लूटे गए सोने की अनुमानित कीमत 23 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए सात विशेष टीमें गठित की हैं।
तीन कारों से घेरकर वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, केरल के पय्यन्नूर निवासी स्वर्ण व्यापारी विकास अपनी पत्नी और बच्चे के साथ महाराष्ट्र के सांगली में एक विवाह समारोह में शामिल होकर कार से मेंगलुरु होते हुए केरल लौट रहे थे। इसी दौरान बैकमपाडी के पास तीन कारों में सवार बदमाशों ने उनकी कार को घेर लिया। आरोप है कि दो कारों पर केरल और एक पर कर्नाटक का पंजीकरण नंबर था।
बदमाशों ने विकास को कार से बाहर निकालकर सोने के आभूषणों से भरा बैग, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद उनकी कार भी लेकर फरार हो गए।
कुलूर के पास पत्नी-बच्चे को छोड़ा, सात टीमें जांच में जुटीं
आरोपियों ने विकास की पत्नी और बच्चे को कुलूर क्षेत्र के पास धमकाने के बाद छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पनंबूर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा आरोपियों की तलाश के लिए सात विशेष जांच दल गठित किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपियों को स्वर्ण व्यापारी की गतिविधियों और उनके पास बड़ी मात्रा में आभूषण होने की पहले से जानकारी थी। इसी आधार पर योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
