मंदिर की पूजा के लिए फूल तोडऩे गया था
स्कूल के पास खुले बिजली तार से हुआ हादसा
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर उठाए सवाल
सिरसी/कारवार (उत्तर कन्नड़). उत्तर कन्नड़ जिले के मुंडगोड तालुक के जोगेश्वर हल्ला स्थित गौली दड्डी गांव में रविवार शाम करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जानू कोकरे (26) के तौर पर की गई है।
पूजा के लिए फूल तोडऩे गया था युवक
जानू कोकरे गांव के मंदिर में प्रतिदिन पूजा-अर्चना करता था। सोमवार को होने वाली पूर्णिमा पूजा के लिए फूल एकत्र करने वह गांव के कनिष्ठ प्राथमिक विद्यालय के समीप गया था। इसी दौरान वहां विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से उसे जोरदार करंट लगा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आगे की जांच शुरू कर दी है।
विद्युत विभाग की लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के पास स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर (टीसी) के निकट बिजली का तार लोहे की बाड़ से सटा हुआ था, जिससे आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र स्कूली बच्चों की आवाजाही वाला है। यदि यह हादसा विद्यालय के समय हुआ होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। उन्होंने विद्युत विभाग से तत्काल स्थल का निरीक्षण कर सभी खतरनाक तारों की मरम्मत करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

