तटीय, मलेनाडु और उत्तर कर्नाटक में बारिश का जोर
मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
हुब्बल्ली। कर्नाटक में मानसून सक्रिय बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) ने शुक्रवार (24 जुलाई) को राज्य के 14 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। तटीय, मलेनाडु और उत्तर कर्नाटक के कई हिस्सों में तेज बारिश, जबकि कुछ क्षेत्रों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हालांकि, सप्ताहांत में मौसम राहत देने वाला रहेगा और शनिवार-रविवार के लिए किसी भी जिले में अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8.30 बजे से शनिवार सुबह 8.30 बजे तक उत्तर कन्नड़, दक्षिण कन्नड़, उडुपी, शिवमोग्गा, चिक्कमगलूरु, मैसूरु, बेलगावी, धारवाड़, गदग, बागलकोट, विजयपुर, बीदर, कलबुर्गी और रायचूर में भारी वर्षा हो सकती है। उत्तर कन्नड़ के कुछ क्षेत्रों में अति भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
दक्षिण कन्नड़ में लगातार बारिश के कारण गुरुवार को स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया था। वहीं उत्तर कन्नड़ के घाट क्षेत्र में वर्षा का दायरा बढऩे से यल्लापुर में भूस्खलन की घटना भी सामने आई है। जोयडा और दांडेली क्षेत्र के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एहतियातन अवकाश रखा गया।
उधर, बेंगलूरु, बल्लारी, हासन, कोडगु, कोलार, मंड्या, रामनगर, तुमकूरु, दावणगेरे, चित्रदुर्ग, चिक्कबल्लापुर, चामराजनगर और विजयनगर सहित अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, लेकिन इन क्षेत्रों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
येलो अलर्ट वाले 14 जिले
रायचूर, कलबुर्गी, बीदर, विजयपुर, बागलकोट, बेलगावी, धारवाड़, गदग, उत्तर कन्नड़, शिवमोग्गा, चिक्कमगलूरु, मैसूरु, दक्षिण कन्नड़ और उडुपी।
आंकड़े
येलो अलर्ट: 14 जिले
भारी बारिश की अवधि: 24 जुलाई सुबह 8:30 बजे से 25 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक
तेज हवा: 30:50 किमी प्रति घंटा (चयनित क्षेत्रों में)
सप्ताहांत: शनिवार और रविवार को किसी जिले में कोई अलर्ट नहीं
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

