सुल्या के आबादी वाले इलाके में हाथियों की दस्तक से दहशत, फसलों को रौंदा; वन विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल
सुल्या (दक्षिण कन्नड़)। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार खेतों और बागानों को नुकसान पहुंचा रहे जंगली हाथियों का झुंड अब सुल्या नगर क्षेत्र तक पहुंच गया है। सोमवार देर रात हाथियों ने आबादी से सटे कृषि क्षेत्रों में घुसकर फसलों को रौंद दिया, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ। रिहायशी क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल है।
रातभर खेतों में मचाया उत्पात
जानकारी के अनुसार, पिछले चार-पांच दिनों से कंदड्का क्षेत्र में डेरा डाले हुए करीब छह जंगली हाथियों का झुंड रविवार देर रात सुल्या नगर के नीरबिदिरे क्षेत्र में पहुंच गया। केएफडीसी के वन क्षेत्र से निकले हाथियों ने रातभर खेतों और बागानों में घूमकर फसलों को नुकसान पहुंचाया।
मदक कोरगप्पा गौड़ा तथा डॉ. गणेश भट्ट के कृषि बागानों में घुसे हाथियों ने बड़े पैमाने पर फसलों को रौंद डाला। सुबह होने पर हाथियों का झुंड समीप स्थित रबर बागान की ओर लौट गया। स्थानीय लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया।
लोगों में बढ़ा डर, वन विभाग पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथियों के झुंड में एक शावक भी शामिल है, जिससे उनके आक्रामक होने की आशंका बढ़ गई है। इसके कारण स्कूली बच्चों, सुबह टहलने निकलने वालों और किसानों में भय व्याप्त है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेडऩे के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने वन विभाग से तत्काल ठोस कदम उठाने और आबादी वाले क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

