कम अंक पाने पर बच्चों की बेरहमी से पिटाई, सेवा से बर्खास्त
शिवमोग्गा। शिवमोग्गा जिले के सागर तालुक से एक अमानवीय और संवेदनशील घटना सामने आई है। किरुवासे प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत अतिथि शिक्षिका रक्षिता ने परीक्षा में कम अंक पाने पर दूसरी, तीसरी और चौथी कक्षा के तीन निर्दोष बच्चों की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। बच्चों की पीठ पर उभर आए गंभीर चोटों और रक्त के निशान देखकर अभिभावक सन्न रह गए।
विद्यालय परिसर में उपजा भारी आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित अभिभावक और ग्रामीण बड़ी संख्या में विद्यालय परिसर में एकत्र हो गए। उन्होंने आरोपी शिक्षिका के विरुद्ध तत्काल और कड़े कदम उठाने की मांग की। इसके साथ ही ग्रामीणों ने विद्यालय प्रशासन और शिक्षा विभाग की ढिलाई व लापरवाही पर भी तीव्र असंतोष व्यक्त किया।
शिक्षिका सेवा से तत्काल बर्खास्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए सार्वजनिक शिक्षा विभाग के जिला उपनिदेशक (डीडीपीआइ) एस.आर. मंजुनाथ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षिका रक्षिता को सेवा से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। इसके अलावा घायल बच्चों के त्वरित उपचार के लिए उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
विभाग की कठोर चेतावनी
डीडीपीआइ एस.आर. मंजुनाथ ने जिले के सभी विद्यालयों व शिक्षकों को सख्त चेतावनी जारी की है कि किसी भी स्थिति में बच्चों को शारीरिक दंड या मानसिक प्रताडऩा देना पूर्णत: प्रतिबंधित है। भविष्य में यदि ऐसा कोई मामला सामने आता है, तो संबंधित के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने स्थानीय समाज को झकझोर कर रख दिया है और मामले की संपूर्ण रिपोर्ट शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को सौंप दी गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

