खेतों में घुसकर गन्ना, मक्का और सोयाबीन को नुकसान
पंचायत की कार्रवाई पर उठे सवाल
हुब्बल्ली। कलघटगी तालुक के ग्रामीण क्षेत्रों में सुअरों का आतंक बढऩे से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। इसके साथ ही गांवों में स्वच्छता की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। तालुक के आस्तकट्टी, तबकदहोन्नल्ली, परसापुर, सोलारगोप्पा सहित कई गांवों में लोग सुअरों के बढ़ते आतंक से परेशान हैं।
सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी
ग्रामीणों का आरोप है कि सुअरों की समस्या पर नियंत्रण पाने में स्थानीय ग्राम पंचायतें विफल रही हैं। गांव की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर सुअर झुंड में घूमते हैं और गंदगी फैलाते हैं। इससे मच्छरों का प्रकोप बढऩे के साथ डेंगू, मलेरिया सहित संक्रामक रोग फैलने का खतरा बना हुआ है।
गांव के आसपास खेतों में घुसकर सुअर गन्ना और मक्का जैसी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सडक़ पर अचानक सुअरों के आने से दोपहिया वाहन चालकों के गिरकर घायल होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
मालिकों को नोटिस देने की मांग
आस्तकट्टी के संत सेवालााल ग्राम विकास समिति के सदस्यों ने ग्राम पंचायत अधिकारियों से सुअर पालने वाले लोगों को नोटिस जारी कर समस्या पर रोक लगाने की मांग की है।
किसान उमेश लमाणी ने बताया कि नानप्पा लमाणी और भीमलप्पा लमाणी ने पूरे वर्ष मेहनत कर गन्ना और मक्का की फसल उगाई थी, लेकिन सुअरों के खेत में घुसने से बड़े पैमाने पर फसल बर्बाद हो गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से खेतों का निरीक्षण कर मुआवजा देने की मांग की।
परसापुर की किसान रेणुका सुब्बण्णवर ने बताया कि पिछले दो महीने से 20 से अधिक सुअर सब्जियों के बागान, गन्ना, सोयाबीन और मक्का की फसल में घुसकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

