घर-घर पहुंच रहे मीटर रीडर
अपात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए सर्वे अभियान
हेस्कॉम के सात जिलों में शुरू हुआ सत्यापन
हुब्बल्ली. कर्नाटक सरकार ने अपनी प्रमुख गृह ज्योति योजना के लाभार्थियों का पुन: सत्यापन शुरू कर दिया है। इसका उद्देश्य केवल पात्र उपभोक्ताओं को ही 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ सुनिश्चित करना तथा अपात्र लाभार्थियों को योजना से बाहर करना है।
ऊर्जा विभाग के निर्देश पर राज्यभर की विद्युत वितरण कंपनियों में यह अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में हुब्बल्ली विद्युत आपूर्ति कंपनी (हेस्कॉम) के अधिकार क्षेत्र वाले सात जिलों में मंगलवार से पुन: सत्यापन का कार्य आरंभ हो गया। लगभग 2,500 मीटर रीडर घर-घर जाकर लाभार्थियों का विवरण एकत्र कर रहे हैं।
शुरुआत में आई तकनीकी दिक्कतें
अभियान के पहले दिन मोबाइल ऐप में तकनीकी समस्याओं और सर्वर डाउन होने के कारण कार्य प्रभावित हुआ। हालांकि, सुबह करीब 11 बजे के बाद अधिकांश तकनीकी दिक्कतें दूर होने पर सर्वे का काम सुचारु रूप से शुरू हो गया।
क्या-क्या जानकारी ली जा रही है
सत्यापन के दौरान लाभार्थी का नाम, मोबाइल नंबर, आधार संख्या, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, आयकरदाता होने या न होने की जानकारी, सामाजिक वर्ग सहित अन्य विवरण दर्ज किए जा रहे हैं। लाभार्थी का फोटो भी ऐप के माध्यम से अपलोड किया जा रहा है तथा सत्यापन की प्रति उपभोक्ता को उपलब्ध कराई जा रही है।
हेस्कॉम की प्रबंध निदेशक वैशाली ने बताया कि प्रारंभिक तकनीकी समस्याओं का समाधान कर लिया गया है और कर्मचारी नियमित रूप से घर-घर जाकर जानकारी जुटा रहे हैं। विभाग ने लाभार्थियों से अपील की है कि सत्यापन के समय आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें, ताकि प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

