तीन साल से अधूरी पड़ी जल जीवन मिशन योजना
गंडोरिनाला बांध से महज एक किलोमीटर दूर बसे बेलकोटा गांवों में पेयजल संकट बरकरार
कलबुर्गी. दो टीएमसी क्षमता वाले गंडोरिनाला जलाशय के समीप बसे बेलकोटा (केरे) और बेलकोटा (गुड्डा) गांवों के ग्रामीण आज भी शुद्ध पेयजल के लिए भटकने को मजबूर हैं। करीब 1,500 की आबादी वाले इन गांवों में तीन वर्ष पहले शुरू हुई जल जीवन मिशन योजना अब तक अधूरी पड़ी है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने और घरों के सामने टंकियां बनाने के बाद ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ दिया। जलाशय के पास बोरवेल खोदकर ओवरहेड टैंक तक पाइपलाइन भी बिछाई गई, लेकिन पिछले तीन वर्षों में एक बार भी टैंक में पानी नहीं भरा गया।
दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण
ग्रामीण आनंद सिंगे और भाग्यवंत कवनल्ली ने बताया कि जलाशय के बिल्कुल पास होने के बावजूद गांव में शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं है। मजबूरी में लोग जलाशय से लाया गया दूषित पानी पीने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। जिला पंचायत में कई बार गुहार लगाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
विस्थापन का दर्द, फिर भी उपेक्षा
ग्रामीणों का कहना है कि गंडोरिनाला जलाशय के निर्माण के लिए गांव के लोगों ने 2,400 एकड़ भूमि और अपने घर गंवाए, लेकिन आज उन्हीं गांवों को पेयजल सुविधा से वंचित रखा गया है। दूसरी ओर, अन्य क्षेत्रों में करोड़ों रुपए की लागत से पेयजल योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीण शिवानंदय्या स्वामी, शांतप्पा कोरी, शांताबाई और गिरिजाबाई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो कमलापुर तालुक पंचायत और कलबुर्गी जिला पंचायत के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
विभाग का दावा
पंचायत राज विभाग के कनिष्ठ अभियंता राजकुमार वाघमोरे ने बताया कि 64.50 लाख रुपए की परियोजना में 57.99 लाख रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं, लेकिन बिजली संबंधी समस्या के कारण काम प्रभावित हुआ है।
ठेकेदार को नोटिस
कार्यकारी अभियंता जगदेवप्पा जीवणगी ने कहा कि ठेकेदार को नोटिस जारी किया जा चुका है। यदि शीघ्र कार्य पूरा नहीं हुआ तो अनुबंध रद्द कर संबंधित ठेकेदार को काली सूची में शामिल किया जाएगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

