डीएचओ डॉ. परशुराम बोले—सही जानकारी से दूर होंगी भ्रांतियां, समय पर जांच से संभव है उपचार
हुब्बल्ली। जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. परशुराम एफ.के. ने कहा कि युवाओं में एचआइवी और एड्स को लेकर सही जानकारी तथा संक्रमण से बचाव के उपायों के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। युवा देश की शक्ति हैं और सही दिशा में आगे बढक़र समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
वे सोमवार को कर्नाटक कला महाविद्यालय भवन में जिला प्रशासन, जिला पंचायत, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला एड्स नियंत्रण इकाई, सूचना एवं शिक्षा संचार विभाग तथा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस एवं एचआइवी-एड्स जागरूकता माह कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे।
असुरक्षित गतिविधियों से रहें दूर
डॉ. परशुराम ने कहा कि एचआइवी मुख्यत: असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त, संक्रमित सुई या सिरिंज के इस्तेमाल तथा संक्रमित मां से बच्चे में फैल सकता है। इसलिए युवाओं को जोखिमपूर्ण गतिविधियों से दूर रहकर अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एचआइवी को लेकर संकोच करने के बजाय आवश्यकता पडऩे पर जांच करानी चाहिए। संक्रमण का शुरुआती चरण में पता चलने पर उचित उपचार संभव है। सरकारी अस्पतालों और एआरटी केंद्रों में उपचार एवं दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध हैं।
भेदभाव नहीं, जागरूकता जरूरी
एचआइवी संक्रमित लोगों के साथ भेदभाव करना गलत है। सामान्य बातचीत, हाथ मिलाने, साथ बैठकर भोजन करने या एक ही स्थान पर रहने से एचआइवी नहीं फैलता। युवाओं को ऐसी भ्रांतियों को दूर करने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कर्नाटक महाविद्यालय के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष मुकुंद लमाणी ने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संदेश होना चाहिए-“रोग को रोकें, रोगी को नहीं।”
किम्स आरआइ हुब्बल्ली के सहायक प्राध्यापक डॉ. बालकृष्ण तेली ने एचआइवी एवं एड्स पर विशेष व्याख्यान दिया। इस अवसर पर ‘मोबिलाइजेशन फॉर एड्स सुरक्षा अभियान’ का पोस्टर भी जारी किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. रविंद्र आर. बोवेर, बी.आर. पात्रोट, डॉ. आइ.सी. मुळगुंद, डॉ. संगप्पा गाबी, डॉ. मंजुनाथ एस., डॉ. तनुजा के.एन. सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, महाविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

