आत्महत्या की आशंका
एक ही दिन में तीन अलग-अलग घटनाएं
प्रोफेसर, वृद्ध महिला और होटल कर्मी की मौत से क्षेत्र में सनसनी
उडुपी. उडुपी में लापता व्याख्याता का शव उनके घर के परिसर में स्थित कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया। मृतक की पहचान सिरसी निवासी 55 वर्षीय गणपति भट्ट के तौर पर की गई है, जो शहर के एसएमएसपी संस्कृत कॉलेज में कार्यरत थे।
कुएं में कूदकर आत्महत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, गणपति भट्ट हाल ही में लापता हुए थे, जिसकी शिकायत पहले ही दर्ज कराई गई थी। शनिवार को उनके किराए के मकान के पास स्थित कुएं में उनका शव मिला। प्रारंभिक जांच में कुएं में कूदकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। अग्निशमन दल की मदद से शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मामले की जांच जारी है।
मानसिक अवसाद से जूझ रही महिला ने दी जान
इसी बीच उडुपी के गुंडीबैलू क्षेत्र में 76 वर्षीय यशोदा जोगी ने कथित रूप से कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि वह पिछले 8 वर्षों से मानसिक बीमारी से पीडि़त थीं और इलाज भी चल रहा था। 23 अप्रेल को उन्होंने घर के पास स्थित एक खुले कुएं में छलांग लगा दी।
होटल कर्मचारी की संदिग्ध मौत
वहीं मणिपाल के एक होटल में एक कर्मचारी की बाथरूम में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कार्कल निवासी 48 वर्षीय विजय के तौर पर की गई है। 24 अप्रेल को वह बाथरूम में बेहोश अवस्था में मिले थे, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही जांच
तीनों घटनाओं को लेकर पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

