कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
रायचूर के बागलवाड़ गांव के पास तुंगभद्रा नहर पर बना 40 साल पुराना पुल जर्जर; नए पुल की मांग तेज
रायचूर. कविताल के समीप बागलवाड़ गांव स्थित लक्ष्मी कैंप के पास तुंगभद्रा लेफ्ट बैंक मुख्य नहर पर बना पुल जर्जर हालत में पहुंच गया है। पुल की खराब स्थिति के कारण रोजाना सैकड़ों वाहन चालक जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं।
करीब चार दशक पहले नहर निर्माण के दौरान बनाए गए इस पुल के कंक्रीट खंभों में बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं और अंदर की लोहे की सरिए बाहर दिखाई देने लगी हैं। पुल की सहायक दीवारें भी टूट रही हैं, जबकि ऊपरी ढांचा कमजोर होकर कभी भी गिरने की स्थिति में पहुंच गया है।
यह पुल कविताल और मानवी को जोडऩे वाला प्रमुख मार्ग है। इस रास्ते से रोजाना धान सहित कृषि उपज से भरे ट्रक, ट्रैक्टर, बसें, स्कूल वाहन और दोपहिया वाहन गुजरते हैं। स्थानीय निवासी शिवकुमार नायक ने बताया कि पुल की जर्जर हालत के कारण लोगों में हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल काफी संकरा है और वर्तमान यातायात दबाव को संभालने में सक्षम नहीं है। आमने-सामने वाहन आने पर रास्ता देना मुश्किल हो जाता है। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। रविकुमार नायक और शिवराज नायक ने प्रशासन से तत्काल नया पुल बनाने की मांग की है।
ग्रामीण मल्लनगौड़ा नायक ने बताया कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया, लेकिन अब तक कोई निरीक्षण तक नहीं किया गया। उन्होंने पुल पर चेतावनी बोर्ड लगाने और अस्थायी सुरक्षा उपाय करने की मांग की।
स्थानीय नागरिक नागराज भोवी ने कहा कि जल संसाधन विभाग को कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि किसी बड़े हादसे से पहले पुल की मरम्मत या नए पुल के निर्माण की दिशा में तुरंत कदम उठाने चाहिए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

