उपस्थिति ऐप में पंजीकरण नहीं करने का आरोप
कर्तव्य-केएएएमएस प्रणाली लागू होते ही शिक्षा विभाग सख्त
पांच दिन में जवाब देने के निर्देश
हुब्बल्ली. शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए 1 जून से लागू की गई ‘कर्तव्य-केएएएमएस’ (कर्नाटक एडवांस अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम) व्यवस्था में पंजीकरण नहीं कराने तथा उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले धारवाड़ मंडल के 17,685 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
स्कूल शिक्षा विभाग के धारवाड़ मंडल के अतिरिक्त आयुक्त ईश्वर उल्लागड्डी ने जिला उपनिदेशकों के माध्यम से सोमवार को नोटिस जारी कर संबंधित कर्मचारियों से पांच दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है।
बागलकोट, बेलगावी, चिक्कोडी, धारवाड़, गदग, हावेरी, उत्तर कन्नड़, सिरसी और विजयपुर जिलों में शिक्षा विभाग के अंतर्गत कुल 53,416 कर्मचारी कार्यरत हैं। इन सभी के लिए कार्यस्थल से प्रतिदिन दो बार मोबाइल अनुप्रयोग के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। विभाग के अनुसार डिजिटल प्रशासन, पारदर्शिता और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है।
अतिरिक्त आयुक्त ईश्वर उल्लागड्डी ने बताया कि अब तक 49,579 कर्मचारियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि पहले दिन 35,731 कर्मचारियों ने उपस्थिति दर्ज की। यह कुल पंजीकृत कर्मचारियों का 71.11 प्रतिशत है। उन्होंने चेतावनी दी कि कर्तव्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी को तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ता है तो वह संबंधित व्हाट्सऐप समूह में इसकी जानकारी दे सकता है। राज्यस्तरीय समिति ऐसी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपात स्थिति में कर्मचारी उपलब्ध अवकाश का उपयोग कर सकते हैं। यदि कोई कर्मचारी सुबह उपस्थिति दर्ज कराने के बाद किसी आपात कारण से कार्यस्थल छोड़ता है तो उसे आधे दिन के अवकाश के तौर पर माना जाएगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
