उत्तर मलबार की बिजली समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी उपलब्धि
भूमि स्वामियों को मुआवजा वितरण जारी
कासरगोड. केरल के उत्तर मलबार क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही विद्युत संकट की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बनाई जा रही 400 केवी उडुपी-करिंदला अंतरराज्यीय विद्युत प्रसारण परियोजना अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। परियोजना के तहत कासरगोड जिले से गुजरने वाले हिस्से में सभी ट्रांसमिशन टावरों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है और विद्युत लाइन बिछाने का कार्य तेजी से जारी है।
अधिकारियों के अनुसार जिले में 47.26 किलोमीटर लंबे मार्ग पर टावरों की नींव और स्थापना का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। कुल निर्धारित दूरी में से 42.759 किलोमीटर क्षेत्र में विद्युत लाइन खींचने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। शेष कार्य पूर्ण होते ही परियोजना को चालू करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराने वाले किसानों और भूमि स्वामियों को राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत विशेष पैकेज के तहत मुआवजा दिया जा रहा है। पेड़ों की कटाई के एवज में अब तक लगभग 90 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है, जबकि करीब 5 करोड़ रुपए का भुगतान शेष है।
इसके अलावा भूमि के लिए विशेष मुआवजा वितरण भी शुरू कर दिया गया है। अनुमानित 40 करोड़ रुपए के भूमि मुआवजे में से अब तक 70 लाख रुपए वितरित किए जा चुके हैं। प्रशासन का कहना है कि औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होते ही शेष राशि का भी भुगतान कर दिया जाएगा।
केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण द्वारा अनुमोदित इस परियोजना का निर्माण स्टरलाइट पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड की विशेष इकाई उडुपी कासरगोड ट्रांसमिशन लिमिटेड कर रही है। कुल 115 किलोमीटर लंबी इस विद्युत लाइन में लगभग 47 किलोमीटर हिस्सा केरल में स्थित है। करिंदला में उपकेंद्र का निर्माण भी पूरा हो चुका है।
अधिकारियों को उम्मीद है कि शेष कार्य शीघ्र पूरा होने के बाद इस महत्वपूर्ण विद्युत परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा, जिससे उत्तर मलबार क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलेगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
