तीन विशेष टीमें तलाश में जुटीं, सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच शुरू
कलबुर्गी। कलबुर्गी केंद्रीय कारागार से मंगलवार तडक़े तीन सजायाफ्ता कैदियों के फिल्मी अंदाज में फरार होने की घटना ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कारागार विभाग ने जेल अधीक्षक राकेश कांबले को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, फरार कैदियों की तलाश के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
शहर के पुलिस आयुक्त डॉ. शरणप्पा एस.डी. ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केंद्रीय कारागार का निरीक्षण करने के बाद कहा कि मंगलवार सुबह करीब 4.30 बजे तीन कैदियों के फरार होने की सूचना मिली। तीनों अलग-अलग आपराधिक मामलों में सजा काट रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए कानून-व्यवस्था प्रभाग की डीसीपी शालू के नेतृत्व में तीन एसीपी की अगुवाई वाली विशेष टीमें गठित की गई हैं। फरहताबाद थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जेल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान उपलब्ध सीढ़ी का उपयोग कर कैदियों ने ऊंची परिधि दीवार पर चढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने विद्युत तारों की घेराबंदी पार करने के लिए एक टी-शर्ट और तौलिये को रस्सी की तरह इस्तेमाल किया और दीवार के दूसरी ओर छलांग लगाकर फरार हो गए। घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
फरार कैदियों की पहचान मस्तान (पिता मणिकप्पा), निवासी इस्लामपुर, बसवकल्याण (बीदर), संतोष (पिता बसप्पा), निवासी संतापुर, औराद तालुक तथा सागर (पिता भीमराय), निवासी बक्काचौड़ी, बीदर तालुक के तौर पर की गई है। तीनों जेल की पांचवीं बैरक में बंद थे और अलग-अलग मामलों में सजा भुगत रहे थे।
घटना के बाद कारागार विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) आलोक कुमार ने जेल अधीक्षक राकेश कांबले को निलंबित करने का आदेश जारी किया। साथ ही कृष्णकुमार को कलबुर्गी केंद्रीय कारागार का नया अधीक्षक नियुक्त कर तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। उनके मंगलवार रात अथवा बुधवार सुबह तक पदभार ग्रहण करने की संभावना है।
इस बीच, पुलिस और कारागार विभाग की संयुक्त टीमें फरार कैदियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं। शहर के बाहरी क्षेत्रों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन तथा प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। जिले के सभी पुलिस थानों को अलर्ट जारी कर कैदियों का विवरण भेज दिया गया है।
पुलिस आयुक्त डॉ. शरणप्पा एस.डी. ने कहा कि फरारी की परिस्थितियों, सुरक्षा में संभावित चूक और किसी भी प्रकार की मिलीभगत के पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि फरार तीनों कैदियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

