23 लाख रुपए का माल जब्त
40 मामलों में संलिप्तता का खुलासा
110 ग्राम सोना और 10 लाख रुपए नकद बरामद
बल्लारी। बल्लारी के कौल बाजार पुलिस ने घरफोड़ चोरी के एक मामले की जांच के दौरान अंतरराज्यीय स्तर पर वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 23 लाख रुपए मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हनुमंतप्पा (28) के तौर पर की गई है। पुलिस ने बल्लारी शहर की करिमारेम्मा कॉलोनी में हुई घर में सेंधमारी के मामले में उसे गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी के कर्नाटक के कई जिलों और आंध्र प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में घर में सेंधमारी में शामिल होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस के अनुसार, हनुमंतप्पा के खिलाफ बल्लारी के तीन मामलों सहित कुल 40 घर में सेंधमारी के मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ बेंगलूरु, गदग, विजयनगर, चित्रदुर्ग, दावणगेरे और चिक्कबल्लापुर जिलों के विभिन्न थानों तथा आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के कई थानों में भी मामले दर्ज होने की जानकारी जांच में सामने आई है।
कौल बाजार पुलिस आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी। इसी दौरान वह चोरी के सोने के आभूषण और करीब 10 लाख रुपए नकद लेकर बेंगलूरु की ओर जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से 110 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 13 लाख रुपए, और 10 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। मामले की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में चोरी की और वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कौल बाजार पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

