489 करोड़ की महालक्ष्मी लिफ्ट योजना का काम रुका
19 गांवों की सिंचाई उम्मीदों को झटका
बेलगावी. बेलगावी और पड़ोसी महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश से उफान पर आई कृष्णा नदी ने 489.70 करोड़ रुपए की महालक्ष्मी लिफ्ट सिंचाई परियोजना की रफ्तार थाम दी है। नदी का पानी जैकवेल निर्माण स्थल में घुसने से पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया है और निर्माण कार्य फिलहाल बंद कर दिया गया है।
बाढ़ बनी बड़ी बाधा
वर्ष 2021-22 में स्वीकृत इस परियोजना का निर्माण फरवरी 2024 में शुरू हुआ था। पहले चरण में जैकवेल और 21 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन का निर्माण किया जा रहा है। अब तक जैकवेल का लगभग 70 प्रतिशत और पाइपलाइन का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन लगातार बाढ़ के कारण काम प्रभावित हो रहा है।
19 गांवों को मिलेगा लाभ
परियोजना के पूरा होने पर चिक्कोडी और निप्पाणी तालुक के 19 गांवों की करीब 7,800 हेक्टेयर कृषि भूमि को 0.92 टीएमसी पानी उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि दूसरे चरण के लिए भेजे गए प्रस्ताव पर अभी तक धनराशि जारी नहीं हुई है और ठेकेदारों के बकाया भुगतान भी लंबित हैं।
किसानों की आय में बड़ा बदलाव आएगा
परियोजना पूरी होने से हजारों एकड़ भूमि सिंचित होगी और किसानों की आय में बड़ा बदलाव आएगा।
–रमेश पाटील, किसान नेता
बाढ़ का पानी उतरते ही निर्माण कार्य फिर शुरू
बाढ़ का पानी उतरते ही निर्माण कार्य फिर शुरू कर एक-दो माह में इसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
–मकरंद पेडणेकर, कार्यकारी अभियंता, कर्नाटक सिंचाई निगम
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

