10 जिलों में झमाझम बारिश, नदियों-जलाशयों का बढ़ा जलस्तर; हावेरी में होगी क्लाउड सीडिंग
हुब्बल्ली. कर्नाटक में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के करीब 10 जिलों में हुई अच्छी बारिश से सूखती फसलों को संजीवनी मिली है और किसानों ने राहत की सांस ली है। कई नदियों का जलस्तर बढऩे के साथ प्रमुख जलाशयों में भी पानी की आवक शुरू हो गई है। लंबे समय से सूखे की आशंका के बीच हुई इस बारिश ने कृषि गतिविधियों को नया संबल दिया है।
नदियों और जलाशयों में बढ़ी आवक
महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश के कारण राजापुर बैराज से पानी छोड़ा गया है, जिससे कृष्णा, दूधगंगा और वेदगंगा नदियों का जलस्तर बढ़ा है। खानापुर क्षेत्र में लगातार बारिश से मलप्रभा नदी में भी जलप्रवाह बढ़ा है। तटीय और मलनाड क्षेत्रों की तुंगा, भद्रा, गंगावली, अघनाशिनी, काली, बेडती और शरावती नदियों में भी जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है। हिप्परगी, मलप्रभा, तुंगा और भद्रा जलाशयों में भी पानी की आवक तेज हुई है।
बारिश से जनजीवन प्रभावित
उत्तर कन्नड़ जिले के यल्लापुर तालुक में एक मकान पर पेड़ की बड़ी शाखा गिरने से नुकसान हुआ, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। चिक्कमगलूरु के बालेहोन्नूर और श्रृंगेरी में भारी बारिश के कारण 10 से अधिक पेड़ गिर गए तथा बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। शिवमोग्गा, धारवाड़, हावेरी, बीदर, यादगीर और विजयपुर जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है।
हावेरी में होगी क्लाउड सीडिंग
बारिश की कमी से जूझ रहे किसानों की सहायता के लिए राणेबेन्नूर के विधायक प्रकाश कोलिवाड ने अपने निजी खर्च पर हावेरी जिले में 7 जुलाई से तीन दिनों तक क्लाउड सीडिंग कराने की घोषणा की है। इसके लिए केंद्र सरकार से अनुमति मिल चुकी है। अमरीका में तैयार विशेष विमान इस अभियान के लिए हुब्बल्ली पहुंचेगा और प्रशिक्षित पायलट इसकी जिम्मेदारी संभालेंगे।
हारंगी जलाशय में बढ़ा जलस्तर
कोडगु जिले के हारंगी जलाशय में इस मानसून पहली बार जलप्रवाह 1,000 क्यूसेक से अधिक दर्ज किया गया। जलाशय का जलस्तर बढक़र 2830.58 फीट पहुंच गया है, जबकि वर्तमान में 1,113 क्यूसेक पानी की आवक और 180 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में लगातार बारिश से जलाशयों का जलस्तर और बेहतर होगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

