बेटे ने खुद 112 पर दी सूचना
उडुपी। उडुपी जिले के ब्रह्मावर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बेटे ने कथित तौर पर हथौड़े से वार कर अपने माता-पिता की हत्या कर दी। घटना रविवार रात की है, जिसका खुलासा सोमवार को हुआ। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
आरोपी की पहचान ब्रह्मावर के गांधी नगर निवासी शाहिद अली (31) के तौर पर की गई है। मृतकों की पहचान उसके पिता मेहबूब और मां शमशाद बेगम के तौर पर की गई है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 7 बजे घर में यह वारदात हुई।
प्राथमिक जांच के अनुसार, शाहिद अली ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता उसे प्रतिदिन मानसिक रूप से प्रताडि़त करते थे। इसी वजह से उसने कथित तौर पर दोनों की हत्या कर दी।
खुद 112 पर किया फोन
वारदात के बाद सोमवार सुबह करीब 9 बजे आरोपी ने खुद 112 आपातकालीन सहायता नंबर पर फोन कर माता-पिता की हत्या करने की जानकारी पुलिस को दी। उडुपी जिला पुलिस अधीक्षक हरिराम शंकर ने इसकी पुष्टि की है।
सूचना मिलते ही ब्रह्मावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
मामले में ब्रह्मावर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हत्या के वास्तविक कारण, आरोपी द्वारा लगाए गए मानसिक प्रताडऩा के आरोपों की पृष्ठभूमि और किसी अन्य संभावित कारण की भी जांच कर रही है। परिवार के भीतर का विवाद ही हत्या की वजह था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

