डेविड डी’सूजा हत्याकांड: पिस्तौल छीनकर पुलिस पर गोली चलाने का आरोप
उडुपी। मुदरंगडी के ठेकेदार एवं कारोबारी डेविड डी’सूजा हत्याकांड के एक प्रमुख आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर पीएसआइ की पिस्तौल छीन ली और पुलिस पर गोली चलाने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। घटना सोमवार सुबह हेब्री थाना क्षेत्र में हुई।
गोली लगने से घायल आरोपी की पहचान मुंबई निवासी कुख्यात गैंगस्टर अनुज पाटील (35) तौर पर की गई है। उसे उपचार के लिए उडुपी के अज्जरकाडु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गत 7 अगस्त को दोपहर 3.45 बजे कापु तालुक के मुदरंगडी स्थित सेंट जेवियर चर्च कॉम्प्लेक्स में प्रिंस एंटरप्राइजेज के मालिक डेविड डी’सूजा की मोटरसाइकिल से आए हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पीछे बैठे हमलावर ने पिस्तौल से उनके सिर में गोली मारी थी। मामले में शिरवा थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान कुंदापुर थाने के पीएसआइ नंजा नायक, कोल्लूर थाने के पीएसआइ विनय और पुलिसकर्मियों की टीम ने सोमवार सुबह करीब 6 से 6.30 बजे के बीच हेब्री थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अनुज पाटील को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उस पर डेविड डी’सूजा की हत्या के लिए तीन शूटर भेजने का आरोप है।
गिरफ्तारी के बाद उसे ले जाते समय अनुज पाटील ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और कोल्लूर के पीएसआइ विनय की पिस्तौल छीनकर पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद आत्मरक्षा में कुंदापुर के पीएसआइ नंजा नायक ने उसके पैर में गोली चलाई। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, अनुज पाटील मुंबई में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और 2017 से फरार था। महाराष्ट्र में उसके खिलाफ मकोका के तहत मामला दर्ज है। उसके खिलाफ कुल 11 मामले दर्ज हैं-महाराष्ट्र में 4, गुजरात में 5, दमन एवं दीव में 1 और कर्नाटक में 1 मामला।
डेविड डी’सूजा हत्याकांड में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों और हत्या के पीछे सक्रिय नेटवर्क की जांच कर रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

