पॉक्सो के तहत मामला दर्ज
गर्भावस्था छिपाने के आरोप में चार डॉक्टर भी जांच के घेरे में
हुब्बल्ली. हुब्बल्ली शहर पुलिस ने 14 वर्षीय किशोरी के अपहरण, यौन शोषण और उसके गर्भवती होने के मामले में पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि घटना के बाद किशोरी ने एक बच्ची को जन्म दिया। वहीं, नाबालिग की गर्भावस्था की जानकारी संबंधित अधिकारियों को न देने और उपचार के दौरान मामला छिपाने के आरोप में कलघटगी क्षेत्र के एक चिकित्सक तथा हुब्बल्ली के एक नर्सिंग होम से जुड़े तीन डॉक्टरों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
अपहरण के बाद यौन शोषण का आरोप
धारवाड़ जिला बाल संरक्षण इकाई की संरक्षण अधिकारी दीपा जावूर की शिकायत के अनुसार, लगभग एक वर्ष पहले एक युवक कथित रूप से किशोरी का अपहरण कर उसे एक मकान में बंधक बनाकर रखा और उसके साथ यौन संबंध बनाए। इसके बाद वह फरार हो गया। किशोरी के घर लौटने पर उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे पहले कलघटगी के एक चिकित्सक और बाद में हुब्बल्ली के एक नर्सिंग होम ले गए, जहां नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी होने के बावजूद इसकी सूचना संबंधित प्राधिकरण को नहीं दी गई।
प्रसव के बाद सामने आया मामला
कुछ दिन पहले किशोरी ने घर पर एक बच्ची को जन्म दिया। अत्यधिक रक्तस्राव होने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में केएमसी-आरआई अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजशेखर द्याबेरी ने बताया कि दस्तावेजों की जांच में किशोरी की आयु 14 वर्ष 3 माह पाई गई। वर्तमान में मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
आरोपी की तलाश जारी
डीसीपी श्रुति एन.एस. ने बताया कि किशोरी के परिजनों की सहायता से मुख्य आरोपी की पहचान और तलाश की जा रही है। उपचार करने वाले चिकित्सकों के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

