कन्नड़ संगठनों के आंदोलन को मठ का पूर्ण समर्थन
बेलगावी पर कर्नाटक का अधिकार निर्विवाद, नगर निगम में प्रस्ताव तुरंत पारित हो
बेलगावी. बेलगावी महानगर निगम में कर्नाटक के पक्ष में प्रस्ताव पारित कराने की मांग को लेकर आंदोलन तेज होता जा रहा है। नागनूर रुद्राक्षीमठ के अल्लमप्रभु स्वामी ने स्पष्ट कहा कि सीमा क्षेत्र में जब-जब कन्नड़ भाषा और कर्नाटक के हितों पर आंच आई है, तब-तब मठ ने संघर्ष किया है और आवश्यकता पडऩे पर अब भी किसी भी प्रकार के आंदोलन तथा बलिदान के लिए तैयार है।
कन्नड़ आंदोलन को मठ का समर्थन
सोमवार को नागनूर रुद्राक्षीमठ में आयोजित कन्नड़ कार्यकर्ताओं की बैठक में स्वामी ने कहा कि बेलगावी को कर्नाटक में बनाए रखने के लिए दिवंगत शिवबसव स्वामी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया था। मराठी भाषी तत्वों के विरोध के बावजूद उन्होंने कर्नाटक के पक्ष में लगातार आवाज उठाई थी। ऐसे में आज नगर निगम में कर्नाटक समर्थक प्रस्ताव पारित कराने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रस्ताव पारित करने में देरी पर नाराजगी
अल्लमप्रभु स्वामी ने कहा कि बेलगावी हमेशा से कर्नाटक का अभिन्न हिस्सा रहा है और इस पर कोई विवाद नहीं होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब महापौर और उपमहापौर दोनों कन्नड़ भाषी हैं, तब प्रस्ताव पारित करने में हिचकिचाहट क्यों दिखाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संगठन के स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि कर्नाटक-महाराष्ट्र सीमा विवाद के संदर्भ में राज्य के हितों की रक्षा के लिए किया जा रहा है। राजनीतिक कारणों से प्रस्ताव को लंबित नहीं रखा जाना चाहिए और सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामले का बहाना भी नहीं बनाया जाना चाहिए।
सांसद ने भी दोहराया समर्थन
बैठक में जिला कन्नड़ संगठन क्रिया समिति के अध्यक्ष अशोक चंदरगी ने भी प्रस्ताव पारित करने में देरी करने वालों की आलोचना की। इस अवसर पर रमेश सोंटक्की, दिनेश नाशिपुडी, महादेव तलवार, श्रीनिवास तालूकर, बलराम मासेनट्टी, वाजिद हिरेकोडी तथा साहित्यकार नीलगंगा चरंतिमठ उपस्थित थे।
इस बीच राज्यसभा सदस्य ईरन्ना कडाडी ने कहा कि बेलगावी कर्नाटक का अभिन्न अंग है और वे इस मुद्दे पर विधायक अभय पाटील तथा नगर निगम पार्षदों से चर्चा कर कर्नाटक समर्थक प्रस्ताव पारित कराने का प्रयास करेंगे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

