तीन जिलों में 1,000 से अधिक पद
शिक्षा विभाग की अधिसूचना जारी
रायचूर में सर्वाधिक 1,704, कोप्पल में 1,193 और कलबुर्गी में 1,105 पद
बेंगलूरु। राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए कर्नाटक सरकार ने 15,000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्कूल शिक्षा विभाग ने प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। भर्ती में सामान्य विषय, कंप्यूटर तथा शारीरिक शिक्षा शिक्षक सहित विभिन्न पद शामिल हैं।
जारी जिलेवार आंकड़ों के अनुसार रायचूर में सर्वाधिक 1,704 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके बाद कोप्पल में 1,193 और कलबुर्गी में 1,105 पद हैं। यानी उपलब्ध तालिका के अनुसार तीन जिलों में ही एक हजार से अधिक पद हैं। यादगीर में 931 पद निर्धारित किए गए हैं।
राज्य में कुल 15,000 पद भरे जाएंगे। इनमें 8,500 स्नातक प्राथमिक शिक्षक, 4,500 माध्यमिक शिक्षक, 900 प्राथमिक शिक्षक, 500 कंप्यूटर शिक्षक, 450 शारीरिक शिक्षा शिक्षक ग्रेड-1 और 150 शारीरिक शिक्षा शिक्षक ग्रेड-2 के पद शामिल हैं।
18 अगस्त से आवेदन
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त से शुरू होगी। आवेदन की अंतिम तिथि 7 सितंबर, जबकि शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर निर्धारित है। प्रतियोगी परीक्षा 5 और 6 अक्टूबर को जिला स्तर पर आयोजित की जाएगी।
ओएमआर आधारित होगी परीक्षा
अभ्यर्थियों को केवल ऑनलाइन आवेदन करना होगा और आवेदन में आधार संख्या दर्ज करना अनिवार्य है। परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रश्नों पर आधारित होगी तथा उत्तर ओएमआर शीट पर अंकित करने होंगे।
11 हजार अतिथि शिक्षकों की भी नियुक्ति
शिक्षक भर्ती के साथ ही सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए चालू शैक्षणिक वर्ष में 11 हजार अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी दी गई है। पहले चरण में 9,730 पदों पर नियुक्ति हो चुकी है, जबकि अब अतिरिक्त 1,270 अतिथि शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे।
पदों का जिलेवार ब्योरा
जिला — कुल पद जिला — कुल पद
रायचूर — 1,704 कोप्पल — 1,193
कलबुर्गी — 1,105 यादगीर — 931
बल्लारी — 845 बीदर — 663
विजयनगर — 556 विजयपुर — 460
चिक्कोडी — 368 बेंगलूरु दक्षिण — 592
बेलगावी — 343 दक्षिण कन्नड़ — 336
हासन — 326 धारवाड़ — 322
मैसूरु — 308 मंड्या — 307
चामराजनगर — 198 दावणगेरे — 200
शिवमोग्गा — 267 उडुपी — 266
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

