राजस्व 793.31 करोड़ रुपए पहुंचा, चार माह में 61.56 मिलियन यात्रियों ने किया रेल सफर
हुब्बल्ली। दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) ने जुलाई 2026 में माल ढुलाई, राजस्व और यात्री सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। रेलवे ने जुलाई माह में पहली बार 4.69 मिलियन टन माल ढुलाई कर इतिहास रच दिया। यह पिछले वर्ष जुलाई में हुई 4.20 मिलियन टन ढुलाई की तुलना में 11.7 प्रतिशत अधिक है।
अप्रेल से जुलाई तक 17.19 मिलियन टन माल ढुलाई
रेलवे अधिकारियों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों (अप्रेल-जुलाई) में कुल 17.19 मिलियन टन माल का परिवहन किया गया। अधिकारियों ने इसे बेहतर आधारभूत संरचना, परिचालन दक्षता और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं का परिणाम बताया।
राजस्व और यात्री संख्या में भी बढ़ोतरी
जुलाई में दक्षिण पश्चिम रेलवे ने 793.31 करोड़ रुपए का कुल राजस्व अर्जित किया। इसमें 449.27 करोड़ रुपए माल ढुलाई तथा 303.54 करोड़ रुपए यात्री सेवाओं से प्राप्त हुए। अप्रेल से जुलाई के दौरान कुल राजस्व 3,031.84 करोड़ रुपए तक पहुंच गया।
इसी अवधि में रेलवे ने 14.76 मिलियन यात्रियों को यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई। अप्रेल से जुलाई तक 61.56 मिलियन यात्रियों ने रेल सेवाओं का उपयोग किया, जबकि यात्री सेवाओं से 1,203.73 करोड़ रुपए की आय हुई।
लौह अयस्क और इस्पात परिवहन में तेज वृद्धि
जुलाई में लौह अयस्क की ढुलाई 1.97 मिलियन टन रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 22.4 प्रतिशत अधिक है। वहीं इस्पात परिवहन 1.05 मिलियन टन पहुंचा, जिसमें 20.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
दक्षिण पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मंजुनाथ कनमडी ने कहा कि जुलाई का यह रिकॉर्ड रेलवे की परिचालन दक्षता, कर्मचारियों के समर्पण और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का प्रमाण है। माल ढुलाई क्षमता बढ़ाने, समयपालन सुधारने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

