सेडम के पास भीषण हादसा; दो बेटों और दामाद को खोने से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सेडम. कलबुर्गी जिले के सेडम तालुक में हुए दर्दनाक सडक़ हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। लारी और बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मां का दर्द भरा विलाप
हादसे के बाद पुराना तालुक सरकारी अस्पताल परिसर में हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला। अपने दोनों बेटों को खो चुकी मां पार्वती निडगुंदी का करुण विलाप सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
वह बार-बार कह रही थीं, “जिस बेटे के सहारे जी रही थी, वही चला गया। इस साल उसकी शादी करने की सोच रहे थे, अब किसके लिए जियूं?”
एक साथ तीन जवान मौत का शिकार
मृतकों की पहचान संजीवकुमार (27), उनके भाई काशीनाथ (19) और दामाद महेश होल्ली (26) के तौर पर की गई है।
संजीवकुमार एक दुकान में काम करते थे और परिवार के सहारे थे, जबकि काशीनाथ पढ़ाई कर रहे थे।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, यह हादसा मंगलवार रात कोंकणहल्ली के पास हुआ, जब दो अलग-अलग बाइकों पर सवार युवक हलकर्टी गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही लारी से टक्कर हो गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दो साल पहले ही परिवार ने अपनी बेटी कावेरी की शादी महेश के साथ की थी और अब एक ही हादसे में दो बेटों और दामाद को खोने से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ उमड़ पड़ी।
“ईमानदार और मेहनती था संजीवकुमार”
स्थानीय व्यवसायी रमेश मालपाणी ने बताया कि संजीवकुमार हमारे यहां काम करता था। वह बहुत ईमानदार और भरोसेमंद युवक था। इतनी कम उम्र में उसका जाना बेहद दुखद है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीएसआई उपेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
