उत्तर कन्नड़ में रेड अलर्ट
दंपती घायल, एक गाय की मौत, कई तालुकों में स्कूल बंद
सिरसी (उत्तर कन्नड़). उत्तर कन्नड़ जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जोइडा तालुक के पणसोली गांव में एक विशाल पेड़ गिरने से मकान और गौशाला बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में गौशाला में बंधी एक गाय की मौत हो गई, जबकि घर में मौजूद दंपती को मामूली चोटें आई हैं।
गरीब परिवार पर टूटा संकट
यह घटना प्रधानमंत्री ग्राम पंचायत क्षेत्र के गौलीवाड़ा में हुई। पीडि़त रमेश बाबु सिंगाडे के मकान और गौशाला पर विशाल पेड़ गिर पड़ा। हादसे में उनकी पत्नी जन्नी रमेश सिंगाडे भी घायल हो गईं। दोनों का प्राथमिक उपचार कराया गया है।
रेड अलर्ट, स्कूलों में अवकाश
जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए 9 जुलाई तक रेड अलर्ट घोषित किया गया है। सिरसी, सिद्धापुर, यल्लापुर, दांडेली और जोइडा तालुकों में मंगलवार को आंगनवाड़ी, प्राथमिक तथा माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया।
मुआवजे की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि पीडि़त परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। मकान और गौशाला दोनों के क्षतिग्रस्त होने से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता देने तथा गौलीवाड़ा क्षेत्र में खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

