हावेरी समेत कई जिलों को मिला सीधा रेल संपर्क, 11 घंटे में बेंगलूरु पहुंचना हुआ आसान
हावेरी. बेंगलूरु और उत्तर कर्नाटक के बीच रेल संपर्क को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुरू की गई यशवंतपुर-विजयपुर विशेष एक्सप्रेस यात्रियों के लिए बड़ी सौगात साबित हो रही है। 16 मई से शुरू हुई इस रेल सेवा से हावेरी, बागलकोट और विजयपुर जिलों के यात्रियों को सीधा संपर्क मिलने के साथ यात्रा समय में भी उल्लेखनीय कमी आई है।
छात्रों, व्यापारियों और पर्यटकों को मिलेगा लाभ
नई रेल सेवा से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा पर्यटकों को विजयपुर और बेंगलूरु के बीच सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिला है। इस मार्ग से यात्री बादामी, बनशंकरी मंदिर, जैन बसदियां, ऐहोले, पट्टदकल, शिवयोग मंदिर, गोलगुंबज और बाराकमान जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी कर सकेंगे।
पहले विजयपुर और बागलकोट के यात्रियों को बेंगलूरु पहुंचने में लगभग 15 घंटे लगते थे, लेकिन नई सेवा शुरू होने के बाद यह अवधि घटकर 11 से 12 घंटे रह गई है। रात के समय संचालित होने के कारण यह ट्रेन शिक्षा और रोजगार के लिए बेंगलूरु जाने वालों के लिए विशेष रूप से लाभकारी मानी जा रही है।
गदग स्टेशन पर ठहराव नहीं मिलने से नाराजगी
ट्रेन के बाईपास मार्ग से संचालित होने के कारण हुब्बल्ली और गदग स्टेशनों पर ठहराव नहीं दिया गया है, जिससे गदग क्षेत्र के यात्रियों में असंतोष है। विभिन्न संगठनों और नागरिकों ने दक्षिण-पश्चिम रेलवे (दपरे) से गदग स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की है। सोशल मीडिया पर भी इस संबंध में आवाज उठाई जा रही है।
ट्रेन का संचालन कार्यक्रम
यशवंतपुर से विजयपुर
यह विशेष ट्रेन प्रत्येक सोमवार और शनिवार को शाम 6.15 बजे यशवंतपुर से रवाना होगी। इसके बाद यह शाम 7 बजे तुमकूरु, रात 8.10 बजे अरसिकेरे, रात 10.20 बजे दावणगेरे तथा रात 11.22 बजे हावेरी पहुंचेगी। इसके बाद तडक़े 2.30 बजे बादामी, 3.10 बजे बागलकोट होते हुए सुबह 5.15 बजे विजयपुर पहुंचेगी।
विजयपुर से यशवंतपुर
प्रत्येक रविवार और मंगलवार को शाम 5 बजे विजयपुर से रवाना होकर ट्रेन शाम 6.23 बजे बागलकोट, रात 9.33 बजे हावेरी तथा 10.33 बजे दावणगेरे पहुंचेगी और अगले दिन प्रात: 4.10 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।
यशवंतपुर-विजयपुर विशेष एक्सप्रेस उत्तर कर्नाटक के लिए एक महत्वपूर्ण रेल कड़ी बनकर उभरी है, जिससे क्षेत्र के पर्यटन, शिक्षा, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
यात्रियों से मिल रही अच्छी प्रतिक्रिया
यशवंतपुर-विजयपुर विशेष एक्सप्रेस को यात्रियों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। विशेष रूप से विजयपुर और बागलकोट के लोगों के लिए बेंगलूरु की यात्रा पहले की तुलना में काफी सुगम और समय की दृष्टि से किफायती हुई है।
–मंजुनाथ कनमडी, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, दक्षिण-पश्चिम रेलवे
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
