जिला पंचायत सीईओ ऋषि आनंद ने परिवहन सुविधाओं पर यात्रियों से सीधे संवाद किया
विजयपुर. जिला पंचायत मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ऋषि आनंद ने परिवहन सुविधाओं से संबंधित “फोन-इन” कार्यक्रम में भाग लेकर आम जनता की समस्याएं सुनीं और समाधान के निर्देश दिए।
ऋषि आनंद कल्याण कर्नाटक सडक़ परिवहन निगम के विभागीय नियंत्रक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिले की परिवहन व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान आयोजित फोन-इन कार्यक्रम में नागरिकों की सैकड़ों कॉल प्राप्त हुईं।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों ने बस सेवाओं, समय-सारिणी, ठहराव और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। सीईओ ने प्रत्येक शिकायत और सुझाव को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
इंडी तालुक के बसनाल क्रॉस पर बस स्टॉप की मांग को भी उन्होंने संज्ञान में लिया। वहीं, विजयपुर शहर में शुरू की गई नई सिटी बस सेवाओं की गणेशनगर निवासी पूजारी नामक नागरिक ने सराहना करते हुए फोन किया, जिस पर ऋषि आनंद ने खुशी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग बसों के आगमन और प्रस्थान संबंधी जानकारी फोन के माध्यम से प्राप्त कर रहे हैं, यह सार्वजनिक जागरूकता और उत्साह का सकारात्मक संकेत है।
कार्यक्रम में विभागीय नियंत्रक नारायणप्पा कुरुबर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

