आंधी-तूफान और भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
पेड़-खंभे गिरे, कई जिलों में बिजली गुल, आकाशीय बिजली से मौतें
हुब्बल्ली. कर्नाटक के तटीय, मलेनाडु और दक्षिण आंतरिक जिलों में शुक्रवार और शनिवार को हुई तेज आंधी और मूसलधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। हावेरी, मैसूरु, कोप्पल, दक्षिण कन्नड़, चिक्कमगलूरु और विजयनगर समेत कई जिलों में सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। कई गांवों में रातभर अंधेरा छाया रहा।
हावेरी में घरों की छतें उड़ीं
हावेरी जिला मुख्यालय सहित शिग्गावी, सवणूर, राणेबेन्नूर और ब्याडगी में देर रात तक तेज गरज-चमक के साथ बारिश हुई। निचले इलाके जलमग्न हो गए और पुरानी पीबी रोड पर पानी नदी की तरह बहता नजर आया। शिडलापुर सरकारी स्कूल की छत क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कारडगी गांव में कई घरों की टीन की छतें तेज हवा में उड़ गईं। होसरित्ती गांव का साप्ताहिक बाजार भी बारिश से प्रभावित हुआ।
कोप्पल में बर्बाद हुई केले की फसल
कोप्पल तालुक के ह्याटी और मेल्लिकेरी गांवों में तेज हवाओं से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। किसान यंकरेड्डी डंब्रल्ली की दो एकड़ केले की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। कई स्थानों पर पेड़ उखडक़र गिर पड़े।

मैसूरु में सबसे अधिक बारिश दर्ज
राज्य में सबसे अधिक 51 मिमी बारिश मैसूरु तालुक के दूर क्षेत्र में दर्ज की गई। मैसूरु, चामराजनगर और हासन जिलों में पेड़ गिरने से यातायात और बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं चिक्कमगलूरु-मूडिगेरे मार्ग पर विशाल पेड़ गिरने से मेंगलूरु और धर्मस्थल जाने वाले यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
मंदिर पर गिरी बिजली
दक्षिण कन्नड़ जिले के बंटवाल तालुक स्थित कक्कपदवु के इलियूर महाविष्णु मंदिर के गर्भगृह पर शनिवार को आकाशीय बिजली गिर गई। करीब 3.5 करोड़ रुपए की लागत से नवीनीकरण किए गए मंदिर के पत्थर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
विजयनगर जिले के हरपनहल्ली में भारी तबाही
25 से अधिक घर क्षतिग्रस्त, गांवों में अंधेरा
हरपनहल्ली तालुक में शनिवार शाम अचानक आए तूफान और तेज बारिश से भारी नुकसान हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। बेंडिगेरे छोटे तांडा में 25 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा। एक घर पर विशाल पेड़ गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घायल गुरुसिद्धप्पा ने बताया कि परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकलकर बच गए।
गुंडगत्ती गांव में सडक़ लाइट (स्ट्रीट लाइट) के खंभे टूट गए, जबकि कई जगह पेड़ सडक़ पर गिरने से यातायात ठप हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर रास्ता साफ कराया। बागली, कंचिकेरी, हल्लिकेरी और आसपास के गांवों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही।

होन्नावर में बिजली गिरने से मछुआरे की मौत
समुद्र किनारे दो अलग घटनाओं में कई घायल
उत्तर कन्नड़ जिले के होन्नावर तालुक स्थित अप्सरकोंड समुद्र तट पर शनिवार रात आकाशीय बिजली गिरने से विनायक खारवी नामक मछुआरे की मौत हो गई। वह नाव से मछली पकडऩे समुद्र में जा रहा था तभी बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एक अन्य घटना में अप्सरकोंड बीच के पास कई पर्यटक और फोटोग्राफर बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। तहसीलदार प्रवीण करांडे और राजस्व विभाग के अधिकारी विनय पंडित ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
खेत में काम कर रहे किसान की बिजली गिरने मौत
बल्लारी तालुक के दासर नागेनहल्ली गांव में शनिवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से कोरी गादिलिंगप्पा (32) की मौत हो गई। वह अपने खेत में चीकू फल तोडऩे गया था। इसी दौरान बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी मंजम्मा, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है। इस संबंध में मोका पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

