किसानों के खिले चेहरे
जिले के कई हिस्सों में हुई मध्यम वर्षा से फसलों को मिला संजीवनी
कृषि गतिविधियों में तेजी की उम्मीद
दावणगेरे. मानसून की शुरुआत में अच्छी बारिश के बाद लंबे अंतराल से वर्षा नहीं होने के कारण चिंतित किसानों को सोमवार को राहत मिली। दावणगेरे जिले के विभिन्न हिस्सों में हुई मध्यम बारिश से खेतों में नमी लौटी और किसानों के चेहरों पर फिर से उम्मीद की मुस्कान दिखाई दी।
सुबह से तेज धूप रहने के बाद दोपहर में मौसम ने करवट ली और बादल छा गए। इसके बाद जिले के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। हरिहर तालुक में लगभग ढाई घंटे तक वर्षा हुई, जबकि जगलूर में करीब दो घंटे तक लगातार बारिश दर्ज की गई। चन्नगिरी और होन्नाली तालुकों में भी आधे घंटे से अधिक समय तक बारिश हुई।
शाम की बारिश से यातायात प्रभावित
दावणगेरे तालुक में दोपहर के समय लगभग आधे घंटे तक बारिश हुई। कुछ समय रुकने के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे फिर बारिश शुरू हो गई, जो रिमझिम रूप में देर तक जारी रही। इससे शहर में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।
शाम के समय हुई बारिश के कारण सरकारी कर्मचारी, स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी घर लौटने में परेशान हुए। कई लोग बारिश में भीगते हुए घर पहुंचे, जबकि कुछ ने ऑटो रिक्शा और अन्य वाहनों का सहारा लिया।
फसलों को मिला जीवनदान
जिले के जिन क्षेत्रों में पहले ही बुवाई हो चुकी थी, वहां इस बारिश से फसलों को नया जीवन मिला है। किसानों ने इसे खेती के लिए बेहद लाभदायक बताया। वहीं, जिन किसानों ने अभी तक बुवाई शुरू नहीं की है, वे अच्छी और लगातार वर्षा का इंतजार कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहा तो कृषि गतिविधियां और तेज होंगी तथा खरीफ फसलों की बढ़वार के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनेंगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

