बस स्टॉप नहीं, सड़क पर इंतजार की मजबूरीहुब्बल्ली के इंडी पंप चौराहा पर बस स्टॉज नहीं होने से सडक़ पर खड़े यात्री।

इंडी पंप चौराहा बना यात्रियों के लिए खतरा

हजारों यात्रियों को धूप, बारिश और तेज रफ्तार वाहनों के बीच बस पकडऩे की विवशता

जनप्रतिनिधियों ने समाधान का दिया आश्वासन

हुब्बल्ली। व्यावसायिक नगरी हुब्बल्ली के सबसे व्यस्त यातायात केंद्रों में शामिल इंडी पंप चौराहे पर वर्षों से बस स्टॉप का अभाव यात्रियों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बना हुआ है। कारवार मार्ग, कलघटगी, अंचटगेरी, तिम्मसागर, देवरगुडीहाल, रेवडीहाल, चलमट्टी सहित अनेक गांवों और पुणे-बेंगलूरु राष्ट्रीय राजमार्ग को जोडऩे वाले इस प्रमुख जंक्शन पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों को सडक़ किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है।

धूप-बारिश में सडक़ पर इंतजार, हर पल हादसे का डर

इंडी पंप चौराहा उत्तर-पश्चिम कर्नाटक सडक़ परिवहन निगम (एनडब्ल्यूकेआरटीसी) की एक्सप्रेस, नगर और उपनगरीय बसों का प्रमुख मार्ग है। इसके बावजूद यहां न तो बस शेल्टर है और न ही यात्रियों के लिए बैठने या पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। बरसात में भीगना और गर्मी में तपती धूप में घंटों खड़े रहना यात्रियों की मजबूरी बन गया है।

हजरत सैयद फतेह शावली दरगाह के समीप बसों के ठहरने की पर्याप्त जगह होने के बावजूद वहां बस स्टॉप का निर्माण नहीं किया गया है। परिणामस्वरूप बसें चौराहे के बीच रुकती हैं, जहां भारी वाहनों की आवाजाही के बीच यात्रियों को जान जोखिम में डालकर बसों में चढऩा-उतरना पड़ता है।

सिग्नल और दिशा संकेतों का भी अभाव

यात्रियों का आरोप है कि व्यस्त चौराहा होने के बावजूद यहां न तो यातायात सिग्नल लगाए गए हैं और न ही दिशा सूचक संकेतक। अनियंत्रित यातायात के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस जुर्माना वसूली में अधिक सक्रिय दिखाई देती है, जबकि यातायात व्यवस्था सुधारने पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा।

यात्रियों की पीड़ा

देवरगुडीहाल के निवासी सिद्दप्पा ने कहा कि रोज काम के सिलसिले में हुब्बल्ली आना पड़ता है, लेकिन बस स्टॉप नहीं होने से यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
कॉलेज छात्र महेश ने कहा कि तेज रफ्तार वाहनों के बीच खड़े होकर बस पकडऩा जोखिम भरा है और यहां शीघ्र बस स्टॉप बनाया जाना चाहिए।

विभागों ने एक-दूसरे पर डाली जिम्मेदारी

एनडब्ल्यूकेआरटीसी (उत्तर पश्चिम कर्नाटक राज्य सडक़ परिवहन निगम) के मुख्य यातायात प्रबंधक विवेकानंद वी. ने स्पष्ट किया कि बस स्टॉप के लिए स्थान चिह्नित करना और उसका निर्माण निगम के अधिकार क्षेत्र में नहीं, बल्कि हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम का कार्य है।

नगर निगम के उप आयुक्त (विकास) विजयकुमार ने कहा कि परिवहन विभाग की ओर से अब तक कोई औपचारिक प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। प्रस्ताव मिलने पर उपयुक्त स्थान का चयन किया जाएगा।

बस स्टॉप नहीं, सड़क पर इंतजार की मजबूरी
विधान परिषद सदस्य लिंगराज पाटील।

विधान परिषद सदस्य लिंगराज पाटील ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग यदि उपयुक्त स्थान चिन्हित कर दें और प्रस्ताव भेजें तो उनके विधायक निधि से इंडी पंप चौराहे पर आधुनिक बस स्टॉप का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हजारों वाहन और यात्री इस मार्ग का उपयोग करते हैं, इसलिए यहां सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बस स्टॉप की तत्काल आवश्यकता है।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

 

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *