मुंडरगी के सरकारी स्कूल में उपमा खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों को चक्कर, उल्टी और पेट दर्द; अस्पताल में कराया भर्ती
मुंडरगी (गदग)। गदग जिले के मुंडरगी तालुक के बिडनाल गांव स्थित सरकारी उच्चीकृत माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को मध्याह्न भोजन में छिपकली मिलने के बाद 120 से अधिक विद्यार्थियों के अचानक बीमार पडऩे का मामला सामने आया। भोजन करने के कुछ ही मिनट बाद बच्चों को चक्कर, उल्टी और तेज पेट दर्द की शिकायत हुई।
उपमा में मिली छिपकली
शनिवार सुबह विद्यार्थियों के लिए नाश्ते में उपमा तैयार कर वितरित किया गया था। भोजन तैयार करते समय कथित तौर पर छिपकली बर्तन में गिर गई और कर्मचारियों की नजर नहीं पड़ी। भोजन करने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगडऩे लगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के बीमार पडऩे से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
समय पर उपचार से टला बड़ा हादसा
भोजन के बर्तन की जांच करने पर उसमें छिपकली मिलने की पुष्टि हुई। इसके बाद स्कूल कर्मचारियों, ग्रामीणों और अभिभावकों ने तत्काल बीमार बच्चों को वाहनों से मुंडरगी तालुक सार्वजनिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया। बताया गया कि किसी भी बच्चे की हालत गंभीर नहीं हुई और सभी खतरे से बाहर हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक अस्पताल पहुंच गए।
अधिकारियों ने शुरू की जांच
घटना के बाद तालुक शिक्षा विभाग के अधिकारियों, वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों और मुंडरगी पुलिसकर्मियों ने स्कूल पहुंचकर जांच की। अधिकारियों ने रसोईघर, खाद्यान्न के भंडारण और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
अभिभावकों में रोष
मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर अभिभावकों में भारी नाराजगी है। उन्होंने लापरवाही के लिए जिम्मेदार रसोई कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी ऐसी लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

